JHANSI NEWS. झांसी के बरुआसागर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां 60 वर्षीय एक व्यक्ति ने कथित तौर पर बहू और उसके मायके पक्ष से मिलने वाली धमकियों और पारिवारिक विवाद से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। मृतक के बेटे ने अपनी पत्नी, ससुर और साले के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस ने मामले में मृतक की बहू और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरे आरोपी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

बेटे की शादी के बाद शुरू हुआ विवाद
मृतक की पहचान प्रमोद यादव (60) के रूप में हुई है। वह बरुआसागर की नई बस्ती कंपनी बाग में परिवार के साथ रहते थे और खेती-किसानी के अलावा प्रॉपर्टी का काम भी करते थे। परिजनों के मुताबिक, प्रमोद ने अपने इकलौते बेटे निशांत की शादी 4 फरवरी 2026 को सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के बूढ़ा निवासी भारत यादव की बेटी शिवानी से की थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। परिवार का आरोप है कि शिवानी कथित तौर पर सोने के जेवर और घर बनवाने जैसी मांग करती थी। इन मांगों को लेकर विवाद बढ़ता गया।

40 लाख के जेवर मायके ले जाने का आरोप
परिजनों ने आरोप लगाया है कि बहू करीब 40 लाख रुपये कीमत के जेवर कथित तौर पर अपने मायके ले गई थी। इसके बाद भी परिवार पर अतिरिक्त सोना और घर बनवाने का दबाव बनाया जा रहा था। मृतक के परिजनों का दावा है कि मांग पूरी नहीं होने पर बहू और उसके मायके पक्ष की ओर से धमकियां दी जाती थीं। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

घटना से एक दिन पहले भी हुआ था विवाद
परिजनों के मुताबिक, घटना से एक दिन पहले निशांत और उसकी पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद निशांत रात में घर से कहीं चला गया। परिवार के लोगों ने उसकी तलाश की। इसी दौरान शिवानी के पिता भी वहां पहुंचे थे। बाद में परिजनों ने प्रमोद और उनकी पत्नी को घर के अंदर कर दिया। अगली सुबह परिवार को प्रमोद के आत्महत्या करने की जानकारी मिली। घटना के बाद घर में कोहराम मच गया।

बेटे ने पत्नी, ससुर और साले पर दर्ज कराया केस
मृतक के बेटे निशांत ने अपनी पत्नी, ससुर और साले के खिलाफ बरुआसागर थाने में शिकायत दर्ज की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पत्नी शिवानी, ससुर भारत यादव और साले अनुराग यादव उर्फ आशू के खिलाफ धारा 108 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया। बरुआसागर थाना प्रभारी प्रकाश से जब इस मामले में बात की गई तो उन्होंने बताया कि लड़के की शिकायत पर पत्नी, ससुर और साले के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया था. साथ ही पत्नी व ससुर को गिरफ्तार भी कर लिया गया है।



































