JALAUN NEWS. उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के कालपी कोतवाली क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पूरे गांव में हलचल मचा दी। यहां एक महिला के घर में उसका प्रेमी कथित तौर पर लोहे के बड़े संदूक के अंदर छिपा मिला। हैरानी की बात यह है कि युवक दिन में इसी संदूक में छिपा रहता था और रात में घरवालों के सो जाने के बाद बाहर निकलता था। मामला सामने आने के बाद ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात सामने आई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह स्थिति को शांत कराया।

आहट सुनकर खोला संदूक, अंदर का नजारा देख रह गए दंग
बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह घर में कामकाज चल रहा था। इसी दौरान कमरे में रखे संदूक से कुछ आवाज सुनाई दी। पहले आवाज को चूहे की हलचल समझा गया, लेकिन जब संदूक खोला गया तो अंदर एक व्यक्ति छिपा मिला। व्यक्ति की पहचान महिला के रिश्ते में बहनोई के रूप में बताई जा रही है। उसके संदूक से बाहर निकलते ही पूरे मामले का खुलासा हो गया। देखते ही देखते इसकी खबर आसपास के लोगों तक पहुंच गई और घर के बाहर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

रात में मिलने आता था, दिन में संदूक में छिपता था
परिजनों के मुताबिक, दोनों के बीच लंबे समय से संबंध होने की बात सामने आई है। महिला के पति की कुछ साल पहले मौत हो चुकी है और उसका एक बेटा भी है। पति की मौत के बाद उसके बहनोई का घर आना-जाना था। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने की बात कही जा रही है।

रिपोर्ट के अनुसार, 11 अगस्त की रात वह व्यक्ति अहमदाबाद से जालौन पहुंचा था। कथित तौर पर उसने महिला को फोन कर रात में मिलने की बात कही और देर रात उसके घर पहुंच गया। महिला ने उसे घर के अंदर बुला लिया। किसी को शक न हो, इसलिए उसे दूसरे कमरे में रखे बड़े संदूक में छिपा दिया गया। बताया जा रहा है कि वह दिनभर संदूक के अंदर रहता और रात में घर के सदस्य सो जाने के बाद बाहर निकलता था।

फुसफुसाने की आवाज से हुआ शक
परिवार के एक सदस्य को महिला के कमरे से फुसफुसाने की आवाज सुनाई दी। शक होने पर घरवालों ने कमरे की तलाशी शुरू की। इसी दौरान संदूक पर नजर गई। संदूक खोलते ही अंदर व्यक्ति को देखकर परिवार के लोग हैरान रह गए। इसके बाद मामला पूरे गांव में फैल गया।

ग्रामीणों ने की मारपीट, पुलिस ने संभाला मामला
व्यक्ति के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। आरोप है कि गुस्साए लोगों ने महिला और उसके प्रेमी के साथ मारपीट की और दोनों को गांव में घुमाया।मामले की सूचना मिलते ही कालपी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस के मुताबिक, फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है।पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना को लेकर गांव में चर्चा का माहौल बना हुआ है और कथित घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।





































