RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के विरोध में बुधवार को कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रायपुर स्थित प्रवर्तन निदेशालय (ED) कार्यालय के पास प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने ईडी की कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध बताते हुए जमकर विरोध जताया। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता प्रदर्शन में शामिल हुए।

‘रामगोपाल अग्रवाल अकेले नहीं, पूरी कांग्रेस साथ’
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा पर बदले की भावना से कार्रवाई कराने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि रामगोपाल अग्रवाल अकेले नहीं हैं, बल्कि पूरी कांग्रेस उनके साथ खड़ी है। बघेल ने कहा, “ऊपर वाले के घर देर है, अंधेर नहीं। ईडी वाले अभी समझ जाएं, सरकार हमारी आएगी और एक-एक का हिसाब किया जाएगा।”

ईडी की कार्रवाई पर उठाए सवाल
भूपेश बघेल ने ईडी पर दबाव में काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में चोरी, डकैती और लूट की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन इन मामलों में ईडी की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि रायपुर के एक होटल में बैठकर कौन वसूली कर रहा है और कौन लूट मचा रहा है, कांग्रेस को इसकी जानकारी है। उन्होंने कहा कि समय आने पर सभी का हिसाब किया जाएगा।

आरोपों के सबूत मांगते हुए साधा निशाना
रामगोपाल अग्रवाल पर लगाए जा रहे आरोपों को लेकर भी बघेल ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ केवल काल्पनिक तथ्य पेश किए जा रहे हैं। यदि किसी तरह की रकम या संपत्ति का आरोप है तो यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि पैसा कहां है।

कथित शराब घोटाला मामले में हुई गिरफ्तारी
गौरतलब है कि प्रवर्तन निदेशालय ने कथित छत्तीसगढ़ शराब घोटाला मामले में कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें ईडी की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। कांग्रेस इसी कार्रवाई के विरोध में लगातार ईडी और केंद्र सरकार पर राजनीतिक दबाव में जांच एजेंसियों के इस्तेमाल का आरोप लगा रही है।






































