KATGHORA NEWS. छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा पाली थाना क्षेत्र के चैतमा स्थित डिस्पोजल फैक्ट्री के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण कि बाइक के उड़े परखच्चे
जानकारी के मुताबिक, बाइक पर तीन लोग सवार थे। तेज रफ्तार कार से हुई टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके टुकड़े सड़क पर दूर-दूर तक बिखर गए। बाइक सवार दो लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

वहीं, कार में सवार दो लोग भी हादसे में घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि कार में एक महिला मरीज भी सवार थी। कार सवार रायपुर से इलाज कराने के बाद मनेन्द्रगढ़ की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान चैतमा के पास यह हादसा हो गया।

घायलों को मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस की मदद से घायलों को कटघोरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

मृतकों की पहचान में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही चैतमा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल मृतकों और घायलों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मृतकों की पहचान कराने के साथ ही हादसे के कारणों की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।






































