BHILAI NEWS. कविगुरु रवींद्रनाथ ठाकुर की पुण्यतिथि के अवसर पर उनकी शांतिनिकेतन परंपरा से प्रेरित सांस्कृतिक उत्सव “वर्षा मंगल” का आयोजन 8 अगस्त (शनिवार) को शाम 7 बजे प्रगति भवन, भिलाई में किया जाएगा। गीत वितान कला केंद्र स्कूल ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट्स, भिलाई द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में ऑफिसर्स एसोसिएशन, भिलाई का विशेष सहयोग रहेगा।

आयोजकों ने बताया कि शांतिनिकेतन में प्रतिवर्ष वर्षा ऋतु के स्वागत में आयोजित होने वाले “वर्षा मंगल” उत्सव की परंपरा को भिलाई में भी जीवंत किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से वर्षा ऋतु की सुंदरता, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और रवींद्रनाथ ठाकुर की वर्षा विषयक रचनाओं को संगीत, नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए प्रस्तुत किया जाएगा।

कार्यक्रम में वृक्षारोपण, प्रकृति वंदना, रवींद्र संगीत, नृत्य एवं वर्षा पर आधारित विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण रहेंगी। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति संवर्धन और भारतीय सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संदेश भी दिया जाएगा।

संस्था की अध्यक्ष रजनी सिन्हा, उपाध्यक्ष सोमन कुंडू, मिथुन दास, चंद्रा बैनर्जी, संरक्षक एन.के. बंछोर, वंश बहादुर सिंह, वी.के. मोहम्मद तथा सदस्य रचना श्रीवास्तव, प्रदीप कुमार मित्रा और सोमेश्वर राव ने कला, संगीत और संस्कृति प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।

वहीं, कला-साहित्य अकादमी छत्तीसगढ़ (कवच) के शक्तिपद चक्रवर्ती, मणिमय मुखर्जी, बबलू विश्वास और शांतनु दासगुप्ता ने भी साहित्यकारों, कलाकारों, संगीत साधकों एवं सांस्कृतिक प्रेमियों से इस विशेष आयोजन में सहभागिता निभाने का आग्रह किया है।
आयोजकों का कहना है कि “वर्षा मंगल” केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रकृति, संस्कृति और मानवीय संवेदनाओं के प्रति समर्पण का उत्सव है, जिसका उद्देश्य कविगुरु रवींद्रनाथ ठाकुर की सांस्कृतिक चेतना और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना है।






































