KORBA NEWS. कोरबा जिले के पोंडी उपरोड़ा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास की छात्राओं ने गुरुवार को अधीक्षिका शारदा नेताम पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना समेत कई गंभीर आरोप लगाते हुए कटघोरा-अंबिकापुर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। करीब आधे घंटे तक चले प्रदर्शन से राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिए जाने के बाद छात्राओं ने प्रदर्शन समाप्त किया।

बांगो थाना क्षेत्र स्थित छात्रावास की छात्राओं का आरोप है कि अधीक्षिका द्वारा उन्हें देर रात तक धार्मिक अनुष्ठान और पूजापाठ में शामिल होने के लिए बाध्य किया जाता है, जिससे उनकी पढ़ाई और आराम प्रभावित होता है। विरोध करने पर डांट-फटकार और प्रताड़ना का सामना करना पड़ता है।

छात्राओं ने छात्रावास में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि नियमित रूप से अधपका और निम्न गुणवत्ता का भोजन परोसा जाता है। कई बार शिकायत करने के बावजूद व्यवस्था में कोई सुधार नहीं किया गया।
छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि अधीक्षिका उनसे हाथ-पैर की मालिश सहित निजी कार्य कराती हैं। मना करने पर मारपीट, अपमानित करने और छात्रावास से निकालने की धमकी दी जाती है। इन परिस्थितियों से परेशान होकर छात्राओं ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के कारण कटघोरा-अंबिकापुर नेशनल हाईवे पर करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यात्रियों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
छात्राओं ने बताया कि उन्होंने पहले भी विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) को लिखित शिकायत दी थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। कार्रवाई नहीं होने से नाराज छात्राओं ने आखिरकार चक्काजाम का रास्ता अपनाया।

घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार विनय देवांगन, नायब तहसीलदार सुमन मानिकपुरी, बीईओ के.आर. दयाल, जिला शिक्षा अधिकारी टी.पी. उपाध्याय तथा बांगो थाना प्रभारी दुर्गेश वर्मा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्राओं से बातचीत कर उनकी शिकायतें सुनीं और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद छात्राओं ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया। प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।






































