JHANSI NEWS. उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसे में माफिया और पूर्व सांसद अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की मौत हो गई। हादसे में उसके दोस्त सोनू खान ने भी दम तोड़ दिया, जबकि कार में सवार तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

भाई अली अहमद से मिलने जा रहा था अबान
पुलिस के अनुसार, सभी युवक प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अतीक अहमद के बड़े बेटे अली अहमद से मिलने के लिए रवाना हुए थे। अली अहमद को 1 अक्टूबर 2025 को प्रयागराज की नैनी जेल से झांसी जेल स्थानांतरित किया गया था और वह तभी से वहीं बंद है।

तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराई
हादसा झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पूंछ थाना क्षेत्र के खिल्ली गांव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

दो की मौत, तीन की हालत गंभीर
कार में प्रयागराज के अहजम, मोहम्मद जैद, उमर, अबान अहमद और सोनू खान सवार थे। हादसे में अबान अहमद और सोनू खान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल झांसी मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराना बताया जा रहा है।

#झांसी में हुए सड़क हादसे में माफिया अतीक अहमद के बेटे आबान अहमद की मौत
आबान की तेज रफ़्तार कार डिवाइडर से टकराई, आबान समेत 2 की मौत, तीन अन्य घायल
सभी लोग प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अली अहमद से मिलने के लिए जा रहे थे@jhansipolice @Uppolice @asadowaisi pic.twitter.com/H0iNncYo89
— Sudarshan उत्तर प्रदेश (@SudarshanNewsUp) August 6, 2026





































