RAIPUR NEWS. राजधानी रायपुर में एक बीएड छात्रा की कथित तौर पर उसके लिव-इन पार्टनर ने गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी युवती को गंभीर हालत में मेकाहारा (डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल) लेकर पहुंचा, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की जानकारी मिलते ही आरोपी अस्पताल से फरार हो गया। बाद में पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। मृतका की पहचान भारती नेताम के रूप में हुई है, जबकि आरोपी सावंत बघेल बताया गया है। मामला मुजगहन थाना क्षेत्र के बोरियाकला स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी का है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, कांकेर जिले के ग्राम कोकपुर निवासी भारती नेताम रायपुर के विकास महाविद्यालय में बीएड की पढ़ाई कर रही थी। वह पिछले छह से सात महीने से कोंडागांव निवासी सावंत बघेल के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। आरोपी डीएलएड का छात्र है।

परिजनों के अनुसार, सावंत अक्सर भारती पर शक करता था और उसके साथ मारपीट करता था। 4 अगस्त की रात भारती ने अपनी बहन को फोन कर बताया था कि उसके साथ मारपीट हुई है और वह गांव वापस लौटना चाहती है। बहन ने यात्रा और अन्य जरूरतों के लिए उसके खाते में 3 हजार रुपये ऑनलाइन भेजे थे, लेकिन गांव लौटने से पहले ही उसकी मौत हो गई।

शरीर पर मिले चोट के निशान
परिजनों ने बताया कि मेकाहारा पहुंचने पर भारती के शव पर कई चोटों के निशान दिखाई दिए। उसकी बाईं आंख के पास, कनपटी, ठोड़ी और गर्दन के पीछे चोट और खरोंच के निशान थे। पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। मेकाहारा में शव छोड़कर फरार हुए आरोपी सावंत बघेल को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। मुजगहन थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






































