BALRAMPUR NEWS उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले से बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के झौंहना गांव में एक ही परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी के साथ उनकी 3 वर्षीय बेटी श्रद्धा और करीब 1 साल का बेटा जयदीप भी शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम करीब साढ़े छह बजे सूचना मिली कि एक घर में चार लोगों के शव पड़े हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों की पहचान 28 वर्षीय बजरंगी गिरी, उनकी 25 वर्षीय पत्नी कोमल गिरी, 3 वर्षीय बेटी श्रद्धा और 1 वर्षीय बेटे जयदीप के रूप में की।

तीन शवों पर गोली लगने के निशान
एसपी विकास कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में बजरंगी गिरी, उनकी पत्नी कोमल और बेटी श्रद्धा के शरीर पर गोली लगने जैसे निशान मिले हैं। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। वहीं, छोटे बेटे जयदीप के शरीर पर गोली लगने का कोई निशान नहीं मिला है, लेकिन उसके शरीर पर अन्य प्रकार के घाव दिखाई दिए हैं। उसकी मौत के कारण का भी खुलासा पोस्टमार्टम के बाद ही होगा।

मौके से तीन तमंचे और खून से सनी कैंची बरामद
घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को तीन अवैध तमंचे और खून से सनी एक कैंची मिली है। एसपी के मुताबिक, मृतक के छोटे भाई ने पुलिस को बताया कि तीनों तमंचे शवों के पास पड़े थे, जिन्हें उन्होंने हटाकर पुलिस को सौंप दिया। जिस कमरे में घटना हुई, वहीं खून लगी कैंची भी बरामद हुई। घर के दूसरे कमरे में रखे एक बक्से पर भी खून के धब्बे मिले हैं।
पुलिस ने बताया कि घर में एक सीसीटीवी कैमरा लगा था, लेकिन उसमें घटना रिकॉर्ड नहीं हुई। फिलहाल फोरेंसिक टीम और पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






































