JOB NEWS. रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे इंजीनियरिंग और साइंस ग्रेजुएट युवाओं के लिए अच्छी खबर है। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने तकनीकी श्रेणी के कुल 4098 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती अभियान के तहत जूनियर इंजीनियर (JE), डिपो मटेरियल सुपरिटेंडेंट (DMS) और केमिकल एंड मेटालर्जिकल असिस्टेंट (CMA) के पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 14 अगस्त 2026 से शुरू होगी, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि 13 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। विस्तृत भर्ती अधिसूचना 13 अगस्त 2026 को जारी होगी।

किन पदों पर होगी भर्ती
जूनियर इंजीनियर (JE) – 3,749 पद
डिपो मटेरियल सुपरिटेंडेंट (DMS) – 314 पद
केमिकल एंड मेटालर्जिकल असिस्टेंट (CMA) – 35 पद
आवेदन शुल्क
सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग – 500 रुपये
एससी, एसटी, महिला, दिव्यांग, ट्रांसजेंडर और अन्य आरक्षित वर्ग – 250 रुपये
प्रथम चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT-1) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार आवेदन शुल्क का एक हिस्सा वापस किया जाएगा।

शुरुआती वेतन और शैक्षणिक योग्यता
चयनित उम्मीदवारों को लेवल-6 के तहत 35,400 रुपये प्रतिमाह का शुरुआती मूल वेतन मिलेगा। इसके अलावा नियमानुसार भत्ते भी दिए जाएंगे। JE और DMS पदों के लिए संबंधित इंजीनियरिंग शाखा जैसे सिविल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, आर्किटेक्चर या अन्य मान्यता प्राप्त शाखा में इंजीनियरिंग डिप्लोमा या डिग्री होना आवश्यक है। CMA पद के लिएफिजिक्स और केमिस्ट्री विषयों के साथ B.Sc में न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है।

चयन प्रक्रिया
भर्ती प्रक्रिया चार चरणों में पूरी होगी।
कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT-1)
कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT-2)
दस्तावेज सत्यापन
मेडिकल परीक्षा
अंतिम चयन CBT-2 में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार मेरिट सूची के अनुसार किया जाएगा।

आवेदन से पहले रखें इन बातों का ध्यान
रेलवे भर्ती बोर्ड ने अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले आधार के माध्यम से पहचान सत्यापित कराने की सलाह दी है। आधार कार्ड में दर्ज नाम और जन्मतिथि 10वीं की मार्कशीट के अनुसार होना चाहिए। इसके साथ ही आवेदन करने से पहले अपना नवीनतम फोटो और हस्ताक्षर भी अपडेट कर लें, ताकि सत्यापन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
आवेदन वेबसाइट: rrb.indianrailways.gov.in





































