BILASPUR NEWS. नगर के प्रसिद्ध गणेश कॉफी होटल में शनिवार को अचानक भीषण आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे होटल को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन आग की भयावहता के सामने सभी प्रयास विफल साबित हुए।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग की चपेट में आने से होटल में रखा फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, खाद्य सामग्री और अन्य जरूरी सामान पूरी तरह जल गया। वर्षों की मेहनत से खड़ा किया गया कारोबार कुछ ही मिनटों में राख के ढेर में तब्दील हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सूचना मिलने के काफी देर बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। तब तक आग लगभग पूरे होटल को तबाह कर चुकी थी। इसके बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था।

घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि यदि तखतपुर में स्थायी फायर ब्रिगेड की सुविधा उपलब्ध होती, तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था।

गौरतलब है कि करीब दो वर्ष पहले मुख्यमंत्री द्वारा तखतपुर में फायर ब्रिगेड उपलब्ध कराने की घोषणा की गई थी, लेकिन अब तक यह योजना धरातल पर नहीं उतर सकी है। इस आगजनी की घटना के बाद नगर में अग्निशमन व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि फायर ब्रिगेड की अनुपलब्धता के कारण यह पहली बड़ी घटना नहीं है। हर बार आगजनी के बाद आश्वासन दिए जाते हैं, लेकिन स्थायी समाधान आज तक नहीं हो पाया। नागरिकों ने तखतपुर में शीघ्र स्थायी फायर ब्रिगेड केंद्र स्थापित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से होने वाले बड़े नुकसान को रोका जा सके।





































