AMBIKAPUR NEWS. छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष को लेकर एक बार फिर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। सोशल मीडिया पर पूर्व उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता टीएस सिंहदेव को प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) का अध्यक्ष बनाए जाने की मांग तेज हो गई है। इस बीच टीएस सिंहदेव ने खुद सामने आकर इस पूरे मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

टीएस सिंहदेव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का कोई तय कार्यकाल नहीं होता और संगठन में किसे कौन-सी जिम्मेदारी मिलेगी, इसका निर्णय केवल पार्टी हाईकमान करता है। उन्होंने कहा कि कई लोग अपनी भावनाएं सार्वजनिक कर देते हैं, लेकिन इस तरह के सोशल मीडिया पोस्ट से बचना चाहिए क्योंकि इससे अनावश्यक भ्रम और स्थिति गड़बड़ होती है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ पोस्ट
दरअसल, फेसबुक पर ‘आदिबाबा फैंस क्लब सरगुजा’ नामक अकाउंट से एक पोस्ट वायरल हो रहा है, जिसमें टीएस सिंहदेव को कांग्रेस की प्रदेश इकाई की कमान सौंपने की अपील की गई है। पोस्ट में लिखा गया है, “जिसने हर परिस्थिति में संगठन का साथ निभाया, अब समय है उनके अनुभव को नई जिम्मेदारी देने का। टीएस बाबा के नेतृत्व में मजबूत कांग्रेस।”

इस पोस्ट के वायरल होने के बाद प्रदेश की राजनीति में नए पीसीसी चीफ को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि कांग्रेस संगठन की ओर से अब तक प्रदेश अध्यक्ष को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

‘ढाई-ढाई साल’ फॉर्मूले को लेकर भी रहे थे चर्चा में
गौरतलब है कि वर्ष 2018 में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार बनने के बाद भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव के बीच कथित ‘ढाई-ढाई साल’ मुख्यमंत्री पद के फॉर्मूले को लेकर लंबे समय तक राजनीतिक चर्चाएं होती रहीं। हालांकि सिंहदेव मुख्यमंत्री नहीं बन सके। बाद में 2023 के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले उन्हें छत्तीसगढ़ का पहला उपमुख्यमंत्री बनाया गया था।






































