RAIPUR NEWS. राजधानी रायपुर के वीआईपी रोड (एयरपोर्ट रोड) स्थित श्री राम मंदिर परिसर में “राम” नाम अंकित ईंट नाली में लगाए जाने के आरोप को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मामले में छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने थाना तेलीबांधा में लिखित शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करने, निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत में कहा गया है कि मंदिर परिसर के निरीक्षण के दौरान उस नाली में, जहां गंदा पानी बहता है और कूड़ा-कचरा जमा रहता है, “राम” नाम अंकित ईंट लगी हुई मिली। संगठनों का आरोप है कि मंदिर निर्माण में उपयोग होने वाली ऐसी ईंट को नाली में लगाने से करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।


शिकायतकर्ताओं ने पुलिस से मांग की है कि पूरे मामले की विस्तृत और निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही निर्माण से जुड़े अभिलेखों, स्वीकृतियों और जिम्मेदार व्यक्तियों की भूमिका की जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 तथा अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाए।

संगठनों का कहना है कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति या संस्था की छवि धूमिल करना नहीं है, बल्कि सनातन आस्था और धार्मिक प्रतीकों का सम्मान बनाए रखना तथा कानून के तहत निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कराना है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले में जल्द एफआईआर दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है।






































