RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ विधानसभा के आगामी मानसून सत्र से पहले सत्तारूढ़ भाजपा ने अपनी रणनीति को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में भाजपा विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित की गई। बैठक में मंत्रिमंडल के सभी सदस्य और भाजपा विधायक शामिल हुए।

बैठक में 13 जुलाई से शुरू होने वाले पांच दिवसीय मानसून सत्र की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान सदन में सरकार की रणनीति, विपक्ष के संभावित सवालों का जवाब, विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा और सरकार की प्राथमिकताओं पर मंथन किया गया।
हर सवाल का जवाब देने को तैयार सरकार
बैठक से पहले भाजपा विधायक गजेंद्र यादव ने कहा कि विधायक दल की बैठक में मानसून सत्र की रणनीति तय की जा रही है और भाजपा सरकार विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।
वहीं, मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सरकार ने मानसून सत्र की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। उन्होंने बताया कि सत्र के दौरान प्रदेश से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी और सरकार हर विषय पर अपना पक्ष मजबूती से रखेगी।

उत्कृष्ट विधायकों का होगा सम्मान
केदार कश्यप ने बताया कि इस बार विधानसभा में उत्कृष्ट संसदीय प्रदर्शन करने वाले विधायकों का सम्मान भी किया जाएगा। इसे विधानसभा की गरिमा बढ़ाने और जनप्रतिनिधियों के बेहतर संसदीय योगदान को प्रोत्साहित करने की पहल माना जा रहा है।

सत्र से पहले तेज हुई राजनीतिक हलचल
मानसून सत्र से पहले प्रदेश की राजनीति भी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से स्पीकर हाउस में मुलाकात कर आगामी सत्र की तैयारियों और सदन के सुचारु संचालन पर चर्चा की। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने भी विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात कर विभिन्न मुद्दों पर बातचीत की।

इन मुद्दों पर सरकार को घेरेगी कांग्रेस
कांग्रेस ने मानसून सत्र में सरकार को कानून-व्यवस्था, किसानों की समस्याओं, रायपुर के नकटी गांव के भूमि विवाद, बिजली-पानी संकट, सड़क निर्माण, मानसून के दौरान व्यवस्थाओं, खाद-बीज की उपलब्धता, सिंचाई, बिजली आपूर्ति और धान खरीदी जैसे मुद्दों पर घेरने की तैयारी की है। नकटी गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई और विधायक आवास के लिए प्रस्तावित भूमि का मामला भी सदन में प्रमुखता से उठ सकता है।

1,033 प्रश्न लगाए जा चुके
आगामी मानसून सत्र के लिए अब तक विधायकों की ओर से 1,033 प्रश्न लगाए जा चुके हैं। प्रश्नकाल, शून्यकाल और ध्यानाकर्षण प्रस्तावों के दौरान जनहित से जुड़े कई मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने के आसार हैं।
फिलहाल मुख्यमंत्री निवास में भाजपा विधायक दल की बैठक जारी है। माना जा रहा है कि इस बैठक में विपक्ष के संभावित हमलों का जवाब देने, सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से सदन में रखने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय की रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा।





































