JHANSI NEWS: झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बड़ागांव गेट चौकी प्रभारी ओमकार सिंह और सिपाही शशांक त्रिपाठी को कथित तौर पर 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को सदर थाने लाया गया, जहां उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।

मामले को निपटाने के लिए मांगी गई थी रिश्वत
जानकारी के मुताबिक, सुभाषगंज निवासी किराना कारोबारी संजीव राय और उनके बेटों के खिलाफ अप्रैल महीने में कोतवाली पुलिस ने मारपीट का मामला दर्ज किया था। आरोप है कि इस मामले में नाम हटाने और कार्रवाई से राहत दिलाने के लिए बड़ागांव गेट चौकी पुलिस की ओर से रिश्वत की मांग की जा रही थी।

परेशान होकर कारोबारी ने पूरे मामले की शिकायत एंटी करप्शन टीम से की। शिकायत मिलने के बाद टीम ने मामले का सत्यापन किया और कार्रवाई की योजना बनाई।

60 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप
शिकायत के अनुसार, चौकी प्रभारी ओमकार सिंह ने मामले को खत्म कराने के एवज में कारोबारी से 60 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। इसके बाद एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया।

मंगलवार को शिकायतकर्ता 10 हजार रुपये लेकर चौकी पहुंचा। जैसे ही रिश्वत की रकम ली गई, पहले से मौजूद एंटी करप्शन टीम ने चौकी प्रभारी और सिपाही को मौके पर ही पकड़ लिया।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई
एंटी करप्शन टीम दोनों आरोपियों को अपने साथ ले गई है। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।





































