BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने राज्य की न्यायिक व्यवस्था में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए उच्च न्यायिक सेवा संवर्ग के 17 न्यायिक अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापनाओं के आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल में जिला एवं सत्र न्यायाधीश, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा हाईकोर्ट में पदस्थ अधिकारियों की जिम्मेदारियों में व्यापक बदलाव किया गया है। आदेश हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल की ओर से जारी कर आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं।

जारी आदेश के अनुसार, अजय सिंह राजपूत को जगदलपुर में स्पेशल जज (एनआईए कोर्ट) नियुक्त किया गया है। वहीं, हाईकोर्ट लीगल सर्विस कमेटी के सचिव ओमप्रकाश जायसवाल को हाईकोर्ट का नया रजिस्ट्रार (जुडिशियल) बनाया गया है। बलौदाबाजार के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अब्दुल जाहिद कुरैशी को रजिस्ट्रार (विजिलेंस) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बलौदाबाजार के प्रथम जिला एवं सत्र न्यायाधीश राकेश कुमार वर्मा का तबादला छत्तीसगढ़ न्यायिक अकादमी, बिलासपुर में अतिरिक्त निदेशक के रूप में किया गया है। वहीं, बिलासपुर के द्वितीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश रूपनारायण पात्रे को हाईकोर्ट लीगल सर्विस कमेटी का सचिव नियुक्त किया गया है।

फेरबदल के तहत सिद्धार्थ अग्रवाल को जगदलपुर में प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, किरण कुमार जांगड़े को बलरामपुर-रामानुजगंज में प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा विनीत कुमार प्रधान और डमरूधर चौहान को रायपुर में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
इसके अलावा विनिता वारनेर को सूरजपुर से बलौदाबाजार, थॉमस एक्का को परिवार न्यायालय सूरजपुर से प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सूरजपुर, संगीता नवीन तिवारी को जगदलपुर से बलौदाबाजार, डॉ. मनोज कुमार प्रजापति को बलरामपुर-रामानुजगंज से सारंगढ़ तथा अमित राठौर को सारंगढ़ से रायपुर स्थानांतरित किया गया है।

हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार (जुडिशियल) सुमित कपूर को जिला एवं सत्र न्यायाधीश रायपुर बनाया गया है, जबकि न्यायिक अकादमी के अतिरिक्त निदेशक अमित कुमार कोहली को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, बलरामपुर-रामानुजगंज नियुक्त किया गया है।
न्यायिक हलकों में इस फेरबदल को लंबित रिक्तियों को भरने, न्यायिक कार्यों में गति लाने और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।






































