KORIYA NEWS. कोरिया जिले के नौगई गांव में हुए बहुचर्चित ट्रिपल मर्डर मामले की जांच अब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) करेगी। छत्तीसगढ़ सरकार ने मामले की सीबीआई जांच के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। सरकार के इस फैसले से मृतकों के परिजनों की लंबे समय से उठ रही निष्पक्ष जांच की मांग पूरी हो गई है।

दरअसल, नौगई गांव में रेत खनन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक हो गया था। इस दौरान एक ही परिवार के तीन लोगों—भरत सिंह, नागेंद्र सिंह और वीरेंद्र सिंह की हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया था। मृतकों के परिजन लगातार मामले की सीबीआई जांच की मांग कर रहे थे, ताकि निष्पक्ष और पारदर्शी जांच हो सके।


इसी क्रम में राज्य सरकार ने मामले को सीबीआई को सौंपने का फैसला लेते हुए अधिसूचना जारी कर दी है। अब इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड की जांच केंद्रीय एजेंसी करेगी।

गौरतलब है कि इससे पहले प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा ने मंगलवार को मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उनकी बात सुनी थी। इसके बाद सरकार ने मामले की सीबीआई जांच कराने का निर्णय लिया। अब उम्मीद की जा रही है कि सीबीआई रेत खनन विवाद, हत्या के पीछे की वजह और पूरे घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच करेगी।






































