RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण का मुद्दा लगातार चर्चा में है। इसी बीच प्रदेश साहू समाज ने धर्मांतरण के खिलाफ बड़ा कदम उठाते हुए पूरे राज्य में जनजागरण अभियान चलाने का निर्णय लिया है। यह फैसला राजधानी रायपुर के टिकरापारा स्थित साहू समाज भवन में करीब छह घंटे तक चली प्रदेश स्तरीय बैठक में लिया गया। बैठक में समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। इसमें उप मुख्यमंत्री अरुण साव, समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में समाज के सदस्य मौजूद रहे।


धर्मांतरित लोगों का होगा सर्वे
बैठक के बाद छत्तीसगढ़ साहू समाज के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीरेन्द्र साहू ने बताया कि समाज में संस्कार और सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि धर्मांतरण पर रोक लगाने और परिवारों को जोड़ने के उद्देश्य से धर्मांतरित लोगों का सर्वे कराया जाएगा। इसके लिए जिला और तहसील स्तर पर समितियों का गठन किया जाएगा, जो घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेंगी और जनजागरूकता अभियान चलाएंगी।


समाज के विभिन्न मुद्दों पर हुई चर्चा
बैठक में शामिल उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रदेश स्तरीय बैठक में साहू समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान प्रदेश में धर्मांतरण के मुद्दे के साथ-साथ समाज के संगठनात्मक और सामाजिक विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।






































