RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के इंजीनियरिंग कॉलेजों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीटेक प्रवेश प्रक्रिया 30 जून से शुरू होगी। तकनीकी शिक्षा संचालनालय (DTE) ने काउंसलिंग का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। इस बार प्रदेश के 34 इंजीनियरिंग कॉलेजों की 11,514 सीटों पर तीन चरणों में ऑनलाइन काउंसलिंग के माध्यम से प्रवेश दिए जाएंगे। खास बात यह है कि इस वर्ष प्रवेश के लिए अधिकतम आयु सीमा समाप्त कर दी गई है, जबकि स्थानीय कोटे की सीटों के लिए छत्तीसगढ़ का मूल निवासी प्रमाण पत्र अनिवार्य होगा।

पहले चरण के लिए ऑनलाइन पंजीयन 30 जून से 6 जुलाई तक होगा। 7 जुलाई को प्रारंभिक मेरिट सूची जारी की जाएगी और 10 जुलाई को सीट आवंटन होगा। चयनित विद्यार्थियों को 11 से 15 जुलाई के बीच संबंधित कॉलेज में प्रवेश लेना होगा।

दूसरे चरण की काउंसलिंग 17 से 21 जुलाई तक होगी। 22 जुलाई को मेरिट सूची, 25 जुलाई को सीट आवंटन और 26 से 30 जुलाई तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

यदि दोनों चरणों के बाद सीटें रिक्त रहती हैं तो 1 से 6 अगस्त तक कॉलेज स्तर पर काउंसलिंग होगी। 9 अगस्त को मेरिट सूची जारी होने के बाद 10 अगस्त से प्रवेश शुरू होंगे। इसके बाद भी बची सीटों पर 13 और 14 अगस्त को मेरिट के आधार पर स्पॉट एडमिशन का अंतिम अवसर दिया जाएगा।

DTE ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक चरण में अभ्यर्थी केवल एक ही आवेदन कर सकेगा। यदि दूसरे चरण में नई सीट आवंटित होती है तो पहले चरण का प्रवेश स्वतः निरस्त माना जाएगा। वहीं, संस्था स्तर की काउंसलिंग में नया प्रवेश लेने के बाद ही पुराना प्रवेश समाप्त होगा।
इस वर्ष प्रवेश नियमों में सबसे बड़ा बदलाव अधिकतम आयु सीमा को समाप्त करना है। इसके साथ ही स्थानीय कोटे की सीटों पर प्रवेश के लिए छत्तीसगढ़ का मूल निवासी प्रमाण पत्र अनिवार्य कर दिया गया है। इसके बिना अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं मिलेगा।






































