UNNAO NEWS: उन्नाव: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक विधवा महिला ने आरोप लगाया है कि सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती करने के बाद उसे नौकरी का झांसा देकर नोएडा बुलाया गया, जहां कथित तौर पर उसके साथ धोखाधड़ी, जबरन शादी और जिस्मफरोशी के दलदल में धकेल दिया गया। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2025 में उसकी पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से एक महिला से हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद आरोपी महिला ने उसे नोएडा में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। महिला विधवा थी और अपने छोटे बेटे के साथ रह रही थी। आरोप है कि 10 अक्टूबर 2025 को उसे उन्नाव से नोएडा बुलाया गया, जहां उससे घरेलू काम कराया जाने लगा।

पीड़िता का कहना है कि कुछ दिनों बाद आरोपी महिला, उसके बेटे और अन्य परिजनों ने मिलकर दबाव बनाते हुए उसकी शादी अपने बेटे से करा दी। महिला का आरोप है कि शादी के बाद उसे प्रताड़ित किया गया और उसकी इच्छा के विरुद्ध कई तरह के दबाव बनाए गए। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी।

महिला ने आरोप लगाया कि बाद में उसे नशीले पदार्थ दिए जाने लगे और उसका शोषण किया गया। इस दौरान वह गर्भवती हुई और एक बच्ची को जन्म दिया। पीड़िता का कहना है कि लगातार प्रताड़ना से उसका जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया।

किसी तरह मौका मिलने पर उसने आरोपियों के मोबाइल फोन से पुलिस को सूचना दी। इसके बाद उसके परिजन उसे वापस घर ले आए। महिला का दावा है कि उसने स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

आखिरकार पीड़िता ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी महिला, उसके बेटे समेत अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





































