JOB NEWS. बैंकिंग सेक्टर में अधिकारी स्तर की नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ा अवसर सामने आया है। बैंक ऑफ बड़ौदा ने क्रेडिट और रिलेशनशिप मैनेजमेंट से जुड़े विभिन्न पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती अभियान के तहत मैनेजर, सीनियर मैनेजर और चीफ मैनेजर सहित कुल 86 रिक्त पदों को भरा जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी बैंक की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से 6 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों को 850 रुपये आवेदन शुल्क जमा करना होगा। वहीं अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, दिव्यांग, पूर्व सैनिक और महिला अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 175 रुपये निर्धारित किया गया है।

भर्ती अभियान में क्रेडिट एनालिस्ट और सी एंड आईसी रिलेशनशिप से जुड़े पद शामिल हैं। इनमें मैनेजर (क्रेडिट एनालिस्ट) के 4, सीनियर मैनेजर (क्रेडिट एनालिस्ट) के 38, चीफ मैनेजर (क्रेडिट एनालिस्ट) का 1 पद, सीनियर मैनेजर (सी एंड आईसी रिलेशनशिप) के 36 और चीफ मैनेजर (सी एंड आईसी रिलेशनशिप) के 7 पद शामिल हैं। आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री होना आवश्यक है।

इसके साथ फाइनेंस क्षेत्र में एमबीए, सीए, सीएमए, सीएस या सीएफए जैसी प्रोफेशनल योग्यता भी मांगी गई है। कार्य अनुभव भी पद के अनुसार निर्धारित किया गया है। मैनेजर पद के लिए कम से कम 3 वर्ष, सीनियर मैनेजर के लिए 6 वर्ष और चीफ मैनेजर के लिए 8 वर्ष का अनुभव जरूरी है। यह अनुभव सार्वजनिक, निजी या विदेशी बैंक अथवा किसी वित्तीय संस्थान में होना चाहिए।

भर्ती में शामिल होने के लिए न्यूनतम आयु 25 वर्ष और अधिकतम आयु 42 वर्ष निर्धारित की गई है। विभिन्न पदों के लिए आयु सीमा अलग-अलग तय की गई है। आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के अनुसार छूट का लाभ मिलेगा। उम्मीदवारों का चयन कई चरणों में किया जाएगा। इसमें प्रारंभिक शॉर्टलिस्टिंग, ऑनलाइन परीक्षा, साइकोमेट्रिक टेस्ट, समूह चर्चा और व्यक्तिगत साक्षात्कार शामिल हैं। बैंक आवश्यकता के अनुसार चयन प्रक्रिया में बदलाव भी कर सकता है।

मैनेजर स्तर के पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को लगभग 64,820 रुपये से 93,960 रुपये तक मासिक वेतन मिलेगा। सीनियर मैनेजर पद के लिए वेतनमान 85,920 रुपये से 1,05,280 रुपये तक निर्धारित है। वहीं चीफ मैनेजर पद पर नियुक्त उम्मीदवारों को 1,02,300 रुपये से 1,20,940 रुपये तक वेतन दिया जाएगा। इसके अलावा महंगाई भत्ता, मकान किराया भत्ता और अन्य बैंकिंग सुविधाएं भी मिलेंगी।

ऐसे करें आवेदन
बैंक ऑफ बड़ौदा की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
Career सेक्शन में Current Opportunities पर क्लिक करें।
संबंधित भर्ती के Apply Online लिंक का चयन करें।
नया पंजीकरण करें या लॉगिन करें।
आवेदन फॉर्म में सभी आवश्यक जानकारी भरें।
फोटो, हस्ताक्षर और जरूरी दस्तावेज अपलोड करें।
शुल्क जमा कर फॉर्म सबमिट करें।
भविष्य के लिए आवेदन पत्र का प्रिंट सुरक्षित रखें।


































