RAIGHAR NEWS. छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक 22 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। कोतवाली थाना क्षेत्र के कोष्टापारा में एक विवाहिता अपने घर में फांसी के फंदे पर लटकी मिली। मामले की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि घटना के समय उसका मोबाइल रिकॉर्डिंग मोड पर था और पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह आत्महत्या थी या सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाते समय हुआ कोई दर्दनाक हादसा।

मृतका की पहचान विशाखा देवांगन (22) के रूप में हुई है। उसकी शादी चार वर्ष पहले शुभम देवांगन से हुई थी, जो एक निजी दुकान में काम करता है। घटना के समय घर के अन्य सदस्य काम पर गए हुए थे और विशाखा घर पर अकेली थी।
फंदा तैयार करने से लेकर अंतिम क्षण तक रिकॉर्ड हुआ वीडियो
पुलिस को मृतका के मोबाइल से करीब डेढ़ घंटे लंबा वीडियो मिला है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वीडियो में विशाखा पंखे पर साड़ी बांधकर फंदा तैयार करती दिखाई दे रही है। कुछ ही देर बाद उसका संतुलन बिगड़ता है और वह फंदे पर झूल जाती है। वीडियो में यह भी नजर आ रहा है कि फंदे पर लटकने के बाद उसने खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सकी।

दरवाजा तोड़ने पर सामने आया दर्दनाक दृश्य
दोपहर में जब मृतका की सास काम से घर लौटी तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज लगाने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिजनों और पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया। कमरे के भीतर विशाखा को फंदे से लटका देखकर सभी स्तब्ध रह गए। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।

रील एंगल समेत हर पहलू पर जांच
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मोबाइल फोन को जब्त कर लिया है। डीएसपी सुशांतो बनर्जी के अनुसार, मोबाइल में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है, जो जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा है। शुरुआती परिस्थितियों को देखते हुए यह आशंका भी जताई जा रही है कि विवाहिता सोशल मीडिया के लिए कोई वीडियो या रील बनाने का प्रयास कर रही थी और उसी दौरान यह हादसा हुआ।

हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल की डिजिटल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।






































