KHAIRAGARH NEWS. खैरागढ़ जिले के सबसे संवेदनशील प्रशासनिक केंद्र कलेक्टर कार्यालय से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में जिला आबकारी कार्यालय के दो कर्मचारी कथित रूप से शराब का सेवन करते नजर आ रहे हैं, जिससे सरकारी कार्यालयों की कार्यसंस्कृति और अनुशासन पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, वीडियो में आबकारी विभाग के सहायक ग्रेड-3 सुजीत पूरी गोस्वामी और मुख्य लिपिक वीरेंद्र सिंह यादव दिखाई दे रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि दोनों कर्मचारी कार्यालयीन समय के दौरान विभागीय परिसर में शराब पी रहे थे। हालांकि वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और मामले की जांच जारी है।

मामले ने इसलिए भी तूल पकड़ लिया है क्योंकि यह घटना उसी विभाग से जुड़ी बताई जा रही है, जिसकी जिम्मेदारी जिले में शराब बिक्री, नियंत्रण और नियमों के पालन की निगरानी करना है। ऐसे में लोगों के बीच विभाग की कार्यप्रणाली और जवाबदेही को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही खैरागढ़ के बीईओ कार्यालय से भी कर्मचारियों के शराब सेवन का वीडियो वायरल हुआ था। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने सरकारी दफ्तरों में अनुशासन और निगरानी व्यवस्था को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

वायरल वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई लोगों ने दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले पर खैरागढ़ के एडीएम सुरेंद्र ठाकुर ने कहा कि उन्हें मीडिया के माध्यम से घटना की जानकारी मिली है। संबंधित आबकारी अधिकारी को जांच के निर्देश दे दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल इस वायरल वीडियो ने जिला प्रशासन को असहज स्थिति में ला खड़ा किया है। अब सभी की नजरें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं। यदि आरोपों की पुष्टि होती है, तो मामला केवल दो कर्मचारियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सरकारी कार्यालयों में अनुशासन, जवाबदेही और निगरानी व्यवस्था पर भी बड़े सवाल खड़े करेगा।






































