BALODA BAZAR NEWS. जिले के निपनिया स्थित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा में एक विधवा महिला से उसके दिवंगत पति के खाते में जमा रकम निकालने के एवज में रिश्वत लेने का मामला सामने आया है। रिश्वत लेते हुए शाखा प्रबंधक अनीता पांडेय का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया और कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

मामले के अनुसार, निपनिया निवासी खेलन बाई सतनामी के पति रूपदास सतनामी का करीब एक वर्ष पहले निधन हो गया था। उनके बैंक खाते में लगभग 1.10 लाख रुपये जमा थे। पति की मृत्यु के बाद राशि निकालने के लिए महिला लगातार बैंक के चक्कर काट रही थी। आरोप है कि शाखा प्रबंधक ने प्रक्रिया पूरी करने के बदले 10 हजार रुपये की मांग की थी, जो बाद में 5 हजार रुपये पर तय हुई।

रिश्वत लेते हुए बनाया गया वीडियो
बताया गया कि जब महिला मैनेजर रिश्वत की रकम ले रही थीं, उसी दौरान वहां मौजूद एक ग्रामीण ने मोबाइल से पूरा घटनाक्रम रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो में मैनेजर दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराने के बाद महिला के बेटे से पैसों की बात करती दिखाई दे रही हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही मामला सुर्खियों में आ गया।

जनदर्शन में पहुंची पीड़िता, कलेक्टर ने लिया संज्ञान
पीड़ित महिला ने वायरल वीडियो और लिखित शिकायत के साथ कलेक्टर के जनदर्शन कार्यक्रम में पहुंचकर न्याय की मांग की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने जांच के आदेश दिए और प्रारंभिक तथ्यों के आधार पर शाखा प्रबंधक अनीता पांडेय को निलंबित कर दिया।

विधायक इंद्र साव ने भी जताई नाराजगी
भाटापारा विधायक इंद्र साव ने कहा कि क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों की ओर से इस अधिकारी के खिलाफ पहले भी कई शिकायतें मिल चुकी थीं। उन्होंने दावा किया कि करीब एक वर्ष पहले जब उन्होंने ग्रामीणों की शिकायत पर फोन से बात की थी, तब अधिकारी ने अभद्र व्यवहार करते हुए सहयोग करने से इनकार कर दिया था।
कलेक्टर की इस कार्रवाई के बाद जिले के सहकारी बैंकिंग तंत्र में हड़कंप मचा हुआ है। मामले की विभागीय जांच जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






































