RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज का व्हाट्सएप अकाउंट हैक होने का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने उनके मोबाइल नंबर से संचालित व्हाट्सएप अकाउंट पर कब्जा कर लिया है और उनके नाम का इस्तेमाल कर परिचितों व संपर्कों से पैसों की मांग कर रहे हैं।

मामले की जानकारी मिलते ही डॉ. सलीम राज ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी तरह के वित्तीय लेन-देन से बचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि उनका व्हाट्सएप अकाउंट हैक हो गया है और उनके नाम से लोगों को संदेश भेजकर रुपये मांगे जा रहे हैं। ऐसे किसी भी मैसेज या अनुरोध पर भरोसा न करें और न ही किसी प्रकार का भुगतान करें।


साइबर विशेषज्ञों के अनुसार, व्हाट्सएप अकाउंट हैक होने की स्थिति में सबसे पहले संबंधित मोबाइल नंबर से दोबारा लॉगिन करने का प्रयास करना चाहिए। ओटीपी के जरिए अकाउंट को रिकवर किया जा सकता है। यदि टू-स्टेप वेरिफिकेशन सक्रिय है तो अकाउंट की सुरक्षा और मजबूत हो जाती है।

विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि अकाउंट हैक होने पर तुरंत अपने सभी परिचितों और संपर्कों को इसकी जानकारी दें, ताकि वे किसी साइबर ठगी का शिकार न हों। साथ ही व्हाट्सएप सपोर्ट को शिकायत भेजें और राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।






































