RAIPUR NEWS: रायपुर, 14 जून 2026। रायपुर। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत एमसीबी जिले के खड़गवां विकासखंड में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रष्टाचार संबंधी आरोपों को महिला एवं बाल विकास विभाग ने निराधार बताया है। विभागीय जांच में किसी भी प्रकार की वित्तीय अनियमितता या भ्रष्टाचार की पुष्टि नहीं हुई है।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि 10 फरवरी 2026 को चनवारीडांड में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत कुल 184 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया था। योजना के अनुसार प्रति कन्या 50 हजार रुपये की सहायता राशि निर्धारित है।
अधिकारियों ने बताया कि प्रति हितग्राही 50 हजार रुपये में से 35 हजार रुपये की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से जमा की गई। शेष राशि का उपयोग विवाह आयोजन और आवश्यक व्यवस्थाओं पर किया गया।

विभाग के मुताबिक, लगभग 8 हजार रुपये प्रति हितग्राही विवाह समारोह, टेंट, सजावट और वर-वधू पक्ष के अतिथियों के भोजन की व्यवस्था पर खर्च किए गए। वहीं करीब 7 हजार रुपये की राशि से वैवाहिक सामग्री, वस्त्र, श्रृंगार सामग्री और अन्य जरूरी सामान शासन द्वारा निर्धारित वित्तीय सीमा के भीतर खरीदे गए।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शासन के पूर्व आदेशों के अनुसार चांदी के मंगलसूत्र की अनिवार्यता पहले ही समाप्त की जा चुकी है। इसी वजह से उपलब्ध बजट और स्वीकृत मानकों के अनुरूप सामग्री का क्रय किया गया।

विभाग ने बताया कि कार्यक्रम में सभी हितग्राहियों को निर्धारित सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। गुणवत्ता संबंधी शिकायत प्राप्त होने पर तत्काल जांच कर संबंधित फर्म के भुगतान में कटौती की गई और हितग्राहियों के हितों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए गए।
विभागीय अधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के सम्मानजनक विवाह हेतु संचालित एक महत्वपूर्ण सामाजिक योजना है, जिसका लाभ प्रदेश के हजारों परिवारों को मिल रहा है।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने दी प्रतिक्रिया
महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन के सिद्धांतों के अनुरूप कार्य कर रही है। किसी भी शिकायत की निष्पक्ष जांच कराना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि जांच में यह स्पष्ट हो गया है कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का संचालन शासन के निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों के अनुसार किया गया था। मंत्री ने कहा कि यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के सम्मानजनक विवाह में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान कर रही है।





































