VARANASI NEWS : वाराणसी। जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में शुक्रवार सुबह उस समय अजीब स्थिति बन गई, जब एक महिला अचानक जिला जज के कक्ष में पहुंचकर उनकी कुर्सी पर बैठ गई। महिला ने खुद को जज बताते हुए अदालत की कार्यवाही शुरू करने की कोशिश की, जिससे कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे महिला जिला जज की कुर्सी पर बैठ गई और हैमर (हथौड़ा) पटकते हुए जोर-जोर से “ऑर्डर-ऑर्डर” चिल्लाने लगी। उसने वहां मौजूद वकीलों से कहा कि आज वह जिला जज है और सभी मामलों की सुनवाई वही करेगी। महिला ने वकीलों से गवाह और सबूत पेश करने के लिए भी कहा।
#वाराणसी #जिला जज के अवकाश पर रहने के दौरान शुक्रवार को एक महिला जिला जज की कुर्सी पर बैठ गई और हैमर बजाते हुए खुद को जज बताते हुए सुनवाई करने की बात कहने लगी। महिला ने फाइलें भी पलटनी शुरू कर दीं। वकीलों के विरोध के बाद महिला पुलिसकर्मियों को बुलाया गया, जिन्होंने उसे हिरासत pic.twitter.com/dUk7mdcJWp
— R 24 NEWS (@R24NEWS1) June 13, 2026

वकीलों से बोली- जो काम हो, मुझे बताइए
महिला ने अदालत में रखी फाइलें उठाकर उन्हें पलटना शुरू कर दिया। उसने वहां मौजूद लोगों से कहा कि आज अदालत का सारा कामकाज वही देखेगी और किसी भी मामले की जानकारी उसे दी जाए।

अचानक हुए इस घटनाक्रम से वकील और न्यायालय कर्मी हैरान रह गए। जब कुछ वकीलों ने घटना का वीडियो बनाना शुरू किया तो महिला नाराज हो गई और विरोध जताने लगी।

समझाने के बाद भी नहीं छोड़ी कुर्सी
वकीलों और कर्मचारियों ने महिला को जज की कुर्सी छोड़कर बाहर जाने के लिए कहा, लेकिन वह अपनी जगह से हटने को तैयार नहीं हुई। स्थिति को देखते हुए पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने हिरासत में लिया
सूचना मिलने पर महिला पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचीं और महिला को हिरासत में लेकर कैंट थाने ले गईं। पूरे घटनाक्रम के दौरान करीब एक घंटे तक कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
पहले भी कर चुकी है ऐसी हरकत
पुलिस जांच में महिला की पहचान वंदना गुप्ता के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वंदना का कोई मामला न्यायालय में लंबित नहीं है। जानकारी के मुताबिक, वह पहले भी कई बार कोर्ट पहुंचकर जज की कुर्सी पर बैठ चुकी है।बता दें शुक्रवार को जिला जज अवकाश पर थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





































