BILASPUR NEWS. न्यायधानी के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर कॉलेज छात्रा से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने उसके स्कूल के पुराने दोस्त के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। आरोप है कि युवक ने शादी का वादा कर करीब दो वर्षों तक शारीरिक संबंध बनाए और बाद में शादी से इनकार कर संपर्क तोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार, 22 वर्षीय पीड़िता सिविल लाइन क्षेत्र की निवासी है और कॉलेज में अध्ययनरत है। उसने बताया कि तखतपुर क्षेत्र के ग्राम पड़रिया निवासी गौरव (पिता कन्हैया) से उसकी पहचान स्कूल के दिनों में हुई थी। करीब तीन वर्ष पहले स्कूल की ओर से आयोजित अमरकंटक शैक्षणिक भ्रमण के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। टूर से लौटने के बाद युवक ने प्रेम प्रस्ताव रखा, जिसे छात्रा ने स्वीकार कर लिया।

सूने घर में ले जाकर बनाया संबंध
पीड़िता का आरोप है कि 25 जुलाई 2024 को गौरव उसे गौरी गणेश कॉलोनी स्थित अपने घर ले गया। उस समय घर पर कोई मौजूद नहीं था। युवक ने शादी का भरोसा दिलाते हुए उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद वह लगातार विवाह का आश्वासन देकर उसके साथ संबंध बनाता रहा।

शादी की बात आते ही तोड़ा संपर्क
छात्रा के अनुसार, जब उसने शादी को लेकर दबाव बनाना शुरू किया तो आरोपी टालमटोल करने लगा। कुछ समय बाद वह अपने गांव चला गया और उससे बातचीत भी बंद कर दी। अंततः शादी से इनकार करने पर पीड़िता ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है और उसकी तलाश की जा रही है।




































