BILASPUR NEWS. शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत कुदुदंड इलाके में प्रेम प्रसंग को लेकर खूनी हमला होने का मामला सामने आया है। माता चौरा स्थित एसबीटी कॉलेज के सामने कथित तौर पर एक युवती के पिता पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि आरोपी घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक साहिल मरावी लंबे समय से एक युवती से शादी करना चाहता था। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध थे, लेकिन अलग-अलग जाति होने के कारण युवती के पिता मोहित दास मानिकपुरी ने इस रिश्ते के लिए सहमति देने से इनकार कर दिया था। परिजनों का आरोप है कि इसी बात को लेकर आरोपी युवक नाराज चल रहा था और दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई थी।

कहासुनी के बाद हमला, मची अफरा-तफरी
बताया जा रहा है कि रविवार को इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर साहिल मरावी ने गुस्से में आकर मोहित दास मानिकपुरी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों की मदद से घायल को तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

पुलिस ने शुरू की तलाश, कई ठिकानों पर दबिश
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है तथा उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे घटनाक्रम और हमले के वास्तविक कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।






































