MOHLA MANPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर जिले के खरदी गांव में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान एक अप्रत्याशित घटना ने कुछ देर के लिए माहौल को तनावपूर्ण बना दिया। कार्यक्रम स्थल पर लगे एक चालू विद्युत पंखे में अचानक तकनीकी खराबी के कारण विस्फोट हो गया, जिसके बाद उसमें आग लग गई और घना धुआं उठने लगा।

जानकारी के अनुसार, मानपुर विकासखंड के खरदी गांव में सुशासन तिहार के अंतर्गत विशाल जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया था। इस आयोजन की नोडल जिम्मेदारी आबकारी विभाग के पास थी। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर समेत प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मंच पर मौजूद थे।

इसी दौरान पंडाल में लगे एक पंखे से अचानक चिंगारियां निकलने लगीं और देखते ही देखते उसमें छोटा विस्फोट हो गया। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हालांकि, मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों और विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल मुख्य विद्युत आपूर्ति बंद कर दी। बिजली कटते ही आग पर नियंत्रण पा लिया गया और किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

प्रशासन की मुस्तैदी और कर्मचारियों की सूझबूझ से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद कार्यक्रम को सुरक्षित तरीके से आगे जारी रखा गया।






































