LEBANON NEWS. इजराइली सेना ने दक्षिणी लेबनान में बड़ी सैन्य कार्रवाई करते हुए ऐतिहासिक ब्यूफोर्ट (Beaufort) किले और उससे जुड़ी रणनीतिक पहाड़ियों पर नियंत्रण स्थापित करने का दावा किया है। इजराइली अधिकारियों की ओर से जारी तस्वीरों और वीडियो में किले पर इजराइली झंडा फहराते सैनिक नजर आए हैं। अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, यह पिछले 26 वर्षों में लेबनान के भीतर इजराइल की सबसे गहरी सैन्य घुसपैठ मानी जा रही है।

रिपोर्टों के अनुसार, इजराइली सेना ने कई दिनों तक चली जमीनी लड़ाई और हवाई हमलों के बाद इस इलाके में बढ़त हासिल की। सेना का कहना है कि कार्रवाई का उद्देश्य दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह के ठिकानों और सैन्य ढांचे को कमजोर करना है। यह सैन्य अभियान ऐसे समय में हुआ है, जब अप्रैल में घोषित संघर्षविराम (सीजफायर) के बावजूद सीमा क्षेत्र में तनाव और झड़पें जारी हैं।


क्यों अहम है ब्यूफोर्ट किला?
करीब 700 मीटर ऊंची पहाड़ी पर स्थित यह ऐतिहासिक किला सैन्य दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। यहां से दक्षिणी लेबनान और उत्तरी इजराइल के बड़े हिस्से पर नजर रखी जा सकती है। रणनीतिक स्थिति के कारण यह क्षेत्र लंबे समय से संघर्ष का केंद्र रहा है।

पहले भी रह चुका है इजराइली नियंत्रण में
ब्यूफोर्ट किला पहले भी 1982 से 2000 के बीच दक्षिणी लेबनान में इजराइली सैन्य उपस्थिति के दौरान उसके नियंत्रण में रह चुका है। ऐसे में 26 साल बाद इस किले पर दोबारा नियंत्रण को क्षेत्रीय संघर्ष में बड़ा घटनाक्रम माना जा रहा है।





































