JOB NEWS. अच्छे शिक्षण संस्थान में फैकल्टी जॉब की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर है। Indira Gandhi Institute of Development Research (IGIDR) ने असिस्टेंट प्रोफेसर और विजिटिंग फेलो के पदों पर भर्ती के लिए रोलिंग विज्ञापन जारी किया है। खास बात यह है कि इस भर्ती के लिए आवेदन की कोई अंतिम तारीख तय नहीं की गई है और योग्य उम्मीदवार पूरे साल आवेदन कर सकते हैं। IGIDR की स्थापना Reserve Bank of India (RBI) ने की थी। बाद में इसे यूजीसी से मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय का दर्जा भी मिला।

भर्ती प्रक्रिया के तहत चयनित अभ्यर्थियों को देश के प्रतिष्ठित रिसर्च संस्थान में काम करने का मौका मिलेगा। संस्थान की ओर से कुल 8 पदों पर भर्ती की जाएगी। इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट होने वाले उम्मीदवारों को इकोनॉमी क्लास फ्लाइट या II एसी ट्रेन किराए की सुविधा भी दी जाएगी। विदेश में रहने वाले अभ्यर्थियों का इंटरव्यू वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए लिया जाएगा।

इस पद के लिए संबंधित विषय में पीएचडी अनिवार्य है। उम्मीदवार के पास पीएचडी के बाद कम से कम तीन साल का टीचिंग या रिसर्च अनुभव होना चाहिए। इसके अलावा अभ्यर्थी के कम से कम तीन रिसर्च पब्लिकेशन होने जरूरी हैं, जिनमें दो ABDC-A या Scopus Q1 जर्नल में प्रकाशित हों। चयनित उम्मीदवारों को लेवल-12 के तहत न्यूनतम 1,01,500 रुपए बेसिक सैलरी मिलेगी। इसके अलावा डीए, एचआरए और अन्य भत्ते भी दिए जाएंगे।

ऐसे उम्मीदवार जिनके पास पीएचडी के बाद तीन साल से कम अनुभव है, वे कॉन्ट्रैक्ट बेसिस पर आवेदन कर सकते हैं। इस पद के लिए कम से कम एक रिसर्च पेपर प्रतिष्ठित पीयर-रिव्यू जर्नल में प्रकाशित होना जरूरी है। चयनित उम्मीदवारों को शुरुआती स्तर पर लेवल-10 के तहत 70,900 रुपए वेतन मिलेगा। एक साल बाद सैलरी बढ़ाकर 73,100 रुपए कर दी जाएगी। भर्ती के लिए किसी प्रकार की लिखित परीक्षा नहीं होगी। उम्मीदवारों का चयन सीधे इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा।

अभ्यर्थी जिन्होंने पीएचडी थीसिस जमा कर दी है और डिग्री का इंतजार कर रहे हैं या हाल ही में पीएचडी पूरी की है, वे विजिटिंग फेलो पद के लिए आवेदन कर सकते हैं। यह नियुक्ति एक साल के कॉन्ट्रैक्ट पर होगी, जिसे आगे बढ़ाया भी जा सकता है। चयनित उम्मीदवारों को 1,23,398 रुपए प्रतिमाह तक मानदेय मिलेगा। भर्ती प्रक्रिया के लिए उम्मीदवारों को IGIDR की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। अधिक जानकारी के लिए उम्मीदवार संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट IGIDR विजिट कर सकते हैं।

आवेदन प्रक्रिया
वेबसाइट पर जाकर Faculty Recruitment Portal खोलें
नई रजिस्ट्रेशन के लिए ईमेल आईडी और पासवर्ड बनाएं
लॉगइन कर आवेदन फॉर्म भरें
शैक्षणिक योग्यता, अनुभव और अन्य जरूरी जानकारी दर्ज करें
कवर लेटर, सीवी, फोटो, सिग्नेचर और जरूरी दस्तावेज अपलोड करें
सभी जानकारी जांचने के बाद फॉर्म सबमिट करें































