लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक महिला दरोगा ने अपने ससुर पर रेप का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस पर भी आरोप लगाया कि शिकायत दर्ज कराने पर भी थाना प्रभारी एफआईआर लिखने में टालमटोल कर रहे थे।

पीड़िता महिला दरोगा के अनुसार, वह पिछले चार दिनों से लगातार लखनऊ के पारा थाने और हंस खेड़ा चौकी के चक्कर लगा रही थी, लेकिन पुलिस ने उसकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की। न तो एफआईआर दर्ज की गई और न ही उसका मेडिकल कराया गया।

पीड़िता ने बताया कि जब वह अपनी शिकायत हंस खेड़ा चौकी इंचार्ज के सामने रखी, तो उन्होंने मदद करने के बजाय उसे धमकी दी। महिला दरोगा का आरोप है कि चौकी इंचार्ज ने उसे कमरे में बंद कर कहा, “तुम्हारी नौकरी खा जाएंगे।”

महिला दरोगा ने नाराजगी जताते हुए कहा, “मैं खुद पुलिस विभाग में कार्यरत हूं, फिर भी मेरी ही सुनवाई नहीं हो रही। पूरा थाना बिक चुका है। विपक्षी पक्ष से मिलकर पुलिस मेरे मामले को दबाने की कोशिश कर रही है।” उन्होंने आगे कहा, “मैं रोज थाने आ रही हूं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही। मुझे डराया-धमकाया जा रहा है।”

जब यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में आया, तब लखनऊ पुलिस ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर जवाब देते हुए कहा कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।





































