RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ सरकार ने अखिल भारतीय सेवा (AIS) के अधिकारियों को महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी का बड़ा तोहफा दिया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के मुताबिक अब IAS, IPS और IFS अधिकारियों को 58 प्रतिशत की बजाय 60 प्रतिशत महंगाई भत्ता दिया जाएगा। संशोधित दरें 1 जनवरी 2026 से प्रभावी होंगी।

सरकार ने यह फैसला केंद्र सरकार के वित्त मंत्रालय के निर्देशों के अनुरूप लिया है। आदेश में कहा गया है कि बढ़े हुए महंगाई भत्ते का भुगतान जनवरी 2026 से नकद रूप में किया जाएगा। मंत्रालय महानदी भवन, नया रायपुर से जारी निर्देशों के अनुसार डीए की गणना वेतन मैट्रिक्स में निर्धारित मूल वेतन के आधार पर की जाएगी। इसमें विशेष वेतन या अन्य अतिरिक्त भत्तों को शामिल नहीं किया जाएगा।

सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी अधिकारी को नियमों के विपरीत अतिरिक्त भुगतान होता है, तो संबंधित राशि की वसूली की जाएगी।

इधर, अखिल भारतीय सेवा के अधिकारियों के लिए डीए बढ़ोतरी के बाद राज्य संवर्ग के अधिकारी-कर्मचारियों और पेंशनर्स की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं। कर्मचारी संगठन लंबे समय से केंद्र के समान महंगाई भत्ता लागू करने की मांग कर रहे हैं। ऐसे में अब प्रदेश के लाखों कर्मचारियों और पेंशनर्स की नजर राज्य सरकार के अगले फैसले पर टिकी हुई है।

माना जा रहा है कि आने वाले समय में राज्य सरकार अन्य कर्मचारी वर्गों के लिए भी महंगाई भत्ते को लेकर बड़ा निर्णय ले सकती है।



































