Petrol Diesel Price Hike: नई दिल्ली: ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर अब भारत की जेब पर साफ दिखाई देने लगा है। मध्य पूर्व में बिगड़ते हालात के चलते कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आया है, जिसका सीधा प्रभाव देश में पेट्रोल और डीजल के दामों पर पड़ रहा है।

शनिवार को तेल कंपनियों ने एक बार फिर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी। पिछले 10 दिनों में यह तीसरी बार है जब ईंधन महंगा हुआ है। इस बार पेट्रोल की कीमत में 87 पैसे और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की गई है।

नई दरों के बाद दिल्ली में पेट्रोल 99.51 रुपये प्रति लीटर और डीजल 92.49 रुपये प्रति लीटर हो गया है। बढ़ी हुई कीमतें आज सुबह 6 बजे से लागू हो गई हैं।

इससे पहले 19 मई को भी पेट्रोल-डीजल के दामों में 87 पैसे और 91 पैसे की बढ़ोतरी की गई थी। वहीं 15 मई को दोनों ही ईंधनों के दामों में 3-3 रुपये प्रति लीटर की बड़ी बढ़ोतरी की गई थी। मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ने के बाद यह पहली बार है जब भारत में लगातार ईंधन के दाम बढ़े हैं।

कुल मिलाकर, पिछले 10 दिनों में पेट्रोल और डीजल करीब 5 रुपये प्रति लीटर महंगे हो चुके हैं। हालांकि, तेल कंपनियों ने इस बढ़ोतरी को एक साथ लागू करने के बजाय चरणबद्ध तरीके से लागू किया है, ताकि आम जनता पर अचानक ज्यादा बोझ न पड़े।




































