Lucknow News लखनऊ: उत्तरप्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। गोमतीनगर एक्सप्रेस ट्रेन में एक युवती का सिर कटा शव बरामद किया गया। ट्रेन बिहार के छपरा से चलकर 17 मई को लखनऊ पहुंची थी। सफाईकर्मी जब ट्रेन की सफाई कर रहा था तो उसकी नजर S1 कोच में रखे एक बॉक्स और बैग पर पड़ी। संदिग्ध स्थिति देखकर उसने तुरंत अधिकारियों को सूचना दी।

बॉक्स और बैग में मिला शव
आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। बॉक्स खोलने पर युवती का सिर कटा धड़ मिला, जबकि पास रखे बैग में उसके हाथ-पैर प्लास्टिक में पैक किए हुए थे। युवती की उम्र करीब 30-35 वर्ष बताई जा रही है।

शिनाख्त नहीं हो सकी
ऑजीआरपी के अनुसार, गाड़ी संख्या 15114 गोमतीनगर एक्सप्रेस के कोच संख्या 217570 (NER S-1) में यह शव मिला। शिनाख्त के लिए विभिन्न माध्यमों से प्रयास किए गए, लेकिन अभी तक युवती की पहचान नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने अज्ञात महिला की शिनाख्त के लिए विशेष टीम गठित कर दी है। मामले में आगे की जांच जारी है। रेलवे स्टेशन पर इस घटना से हड़कंप मच गया। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है।





































