उत्तरप्रदेश: उत्तरप्रदेश के सुल्तानपुर जिले के बल्दीराय थाना क्षेत्र अंतर्गत पी.पी. इंटर कॉलेज वलीपुर में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां तैनात एक शिक्षक ने गुरु-शिष्य के पवित्र संबंध की मर्यादा तोड़ते हुए कक्षा 9 की नाबालिग छात्रा के साथ अश्लील हरकतें कीं।
घटना 14 मई की है। छात्रा अपनी मां के साथ आधार कार्ड की फोटोकॉपी जमा कराने कॉलेज पहुंची थी। मां गेट पर खड़ी रही, जबकि लड़की क्लास टीचर राकेश कुमार के पास दस्तावेज जमा करने गई। आरोप है कि टीचर ने दस्तावेज लेते समय छात्रा का हाथ पकड़ लिया और उससे छेड़छाड़ शुरू कर दी। जब छात्रा ने विरोध किया तो आरोपी ने उसके कपड़ों में पैसे ठूंसे और गंदी-गंदी गालियां दीं।
पीड़िता छात्रा किसी तरह रोते हुए अपनी मां के पास पहुंची। बेटी की हालत देख मां सकते में आ गई। उन्होंने तुरंत डायल-112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस की गाड़ी की सायरन की आवाज सुनते ही आरोपी शिक्षक पीछे के रास्ते से फरार हो गया। हालांकि, छात्रा की मां ने थाने पहुंचकर राकेश कुमार के खिलाफ FIR दर्ज कराई। 
पुलिस ने जल्दी कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया और कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।क्षेत्राधिकारी बल्दीराय आशुतोष कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




































