NEW DELHI NEWS. न्यायिक सेवाओं को डिजिटल रूप से और अधिक सुलभ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए eCourts Services मोबाइल एप को Version 4.0 में अपडेट किया जा रहा है। यह अपडेट उच्चतम न्यायालय की eCommittee के निर्देशानुसार किया जा रहा है, जिसमें उपयोगकर्ताओं को बेहतर स्पीड, आधुनिक डिजाइन और कई नई सुविधाएं मिलेंगी।

नए वर्जन में क्या है खास
Version 4.0 में एप को पूरी तरह से अपग्रेड किया गया है, जिससे इसका उपयोग पहले से कहीं ज्यादा आसान और तेज हो जाएगा। नया इंटरफेस एक हाथ से इस्तेमाल के अनुकूल बनाया गया है, जिसमें नीचे की ओर नेविगेशन मेनू दिया गया है।

अब यूजर्स सीधे केस स्टेटस स्क्रीन से ही आदेशों की PDF डाउनलोड कर सकेंगे। इसके अलावा, केस नंबर बदलने की स्थिति में पुराने और नए दोनों नंबर एक साथ देखने की सुविधा भी जोड़ी गई है।
‘My Cases’ सेक्शन में आने वाली हैंगिंग की समस्या को भी खत्म कर दिया गया है। वहीं, BHUVAN Maps के जरिए यूजर्स अब आसानी से न्यायालय परिसर का लोकेशन भी खोज सकेंगे।

एक ही जगह पर कई सेवाएं
एप में ePay, NJDG और eFiling जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं को ‘क्विक लिंक’ के माध्यम से एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराया गया है, जिससे यूजर्स को अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

डेटा सुरक्षा को लेकर अहम सलाह
उपयोगकर्ताओं को सलाह दी गई है कि वे अपने मौजूदा ऐप में उपलब्ध “Export” फीचर का उपयोग कर अपने सेव किए गए केस डेटा का बैकअप 4 मई 2026 तक अवश्य ले लें। अन्यथा, अपडेट के बाद डेटा नष्ट होने की संभावना है।

महत्वपूर्ण तिथियां
डेटा बैकअप की अंतिम तिथि: 04 मई 2026
Version 4.0 लॉन्च: 05 मई 2026
यह नया अपडेट न्यायिक प्रक्रिया को तकनीकी रूप से मजबूत बनाते हुए आम नागरिकों को पारदर्शी, तेज और सुविधाजनक न्याय सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।



































