KORBA NEWS. कोरबा के पंचवटी इलाके में हुई सनसनीखेज चाकूबाजी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। युवती पर जानलेवा हमला करने वाले मुख्य आरोपी और उसके नाबालिग साथी को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह मामला सीएसईबी चौकी क्षेत्र का है, जहां आरोपी ने ब्रेकअप के बाद मानसिक तनाव में आकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए 100 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ की गई। कड़ी जांच के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंची। पूछताछ में मुख्य आरोपी शक्ति कुमार ने बताया कि कुछ दिन पहले उसका अपनी गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप हो गया था, जिससे वह तनाव में था।
घटना 27 मार्च की सुबह करीब 10:45 बजे की है। पंप हाउस निवासी आशा खेवरार ड्यूटी पर जा रही थीं, तभी बाइक सवार दो युवकों ने पीछे से उन पर चाकू से हमला कर दिया और फरार हो गए। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई थी। करीब एक महीने की जांच के बाद पुलिस ने धनवार पारा निवासी 19 वर्षीय शक्ति कुमार साहीस और उसके नाबालिग साथी को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने यह भी खुलासा किया कि वह अपनी गर्लफ्रेंड को मारने के इरादे से निकला था। रास्ते में उसने आशा खेवरार को मोबाइल पर बात करते देखा और गुस्से में उसे अपनी गर्लफ्रेंड जैसा समझकर हमला कर दिया। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि घायल युवती का इलाज जारी है।


































