Bilaspur News बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पुलिस ने एक शातिर चोर को सफलता पूर्वक गिरफ्तार किया है। आरोपी एसी रिपेयरिंग का बहाना बनाकर सूने घरों में घुसता था और चोरी करके फरार हो जाता था। चोरी के पैसों से उसने आलीशान मकान बनवाया और महंगे सामान खरीदे।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी सूरज काछी गौरेला (पेंड्रा जिला) का रहने वाला है। वह ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुआ खेलने का शौकीन था। उसने जुए में करीब 30 लाख रुपये हार गए। इसके बाद जल्दी अमीर बनने के चक्कर में उसने चोरी का रास्ता अपनाया।

पुलिस को 45 लाख का माल बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने-चांदी के गहने, नकदी और अन्य चोरी का सामान समेत कुल 45 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है। आरोपी पिछले 7 महीनों से पुलिस को चकमा दे रहा था। वह हर वारदात के बाद कपड़े बदल लेता, जगह बदलता और लगातार लोकेशन बदलता रहता था।

सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि आरोपी पेंड्रा जिले का निवासी है। जुए में भारी नुकसान होने के बाद उसने चोरी शुरू की। नर्मदा नगर में हुई आखिरी चोरी की घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज और बाइक ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस टीम ने गौरेला पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने 23 चोरियों की बात स्वीकार की है।




































