Online Marriage Scam: रायपुर। राजधानी में ऑनलाइन ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आजाद चौक थाना क्षेत्र के हांडीपारा एचएमटी चौक निवासी 80 वर्षीय मनहरण लाल टिकरिहा से शादी का प्रलोभन देकर 9 लाख 50 हजार रुपये की धोखाधड़ी की गई। पीड़ित रविशंकर विश्वविद्यालय से रिटायर्ड टेक्नीशियन हैं।

पुलिस के अनुसार, बुजुर्ग शादी के लिए दिल्ली के एक मैरिज ब्यूरो से संपर्क किया था। वहां से उन्हें रजनी शर्मा नाम की महिला का मोबाइल नंबर दिया गया। महिला ने खुद को कोरबा की रहने वाली और रेलवे से रिटायर्ड इंजीनियर बताया। फोन पर बातचीत शुरू हुई, धीरे-धीरे उसने बुजुर्ग का पूरा विश्वास जीत लिया और शादी का प्रस्ताव रख दिया।

पैसे मांगने का सिलसिला शुरू हुआ
14 जून 2025 को पहली बातचीत के अगले ही दिन महिला ने परिवार में शादी का बहाना बनाकर 1.50 लाख रुपये मांगे। पीड़ित ने भरोसे में आकर 15 जून को अपने SBI खाते से 1.40 लाख रुपये चेक के माध्यम से ट्रांसफर कर दिए। 18 जून को एक अन्य नंबर से फोन आया और बताया गया कि रजनी शर्मा का पटना में एक्सीडेंट हो गया है और सर्जरी के लिए पैसे चाहिए। भावुक होकर बुजुर्ग ने फिर 1.50 लाख रुपये भेज दिए।

इसके बाद आरोपी महिला ने अलग-अलग बहाने बनाकर बार-बार पैसे मांगे – कभी मेडिकल इलाज, कभी पारिवारिक जरूरत, तो कभी अन्य आपात स्थिति का हवाला। यह ठगी का सिलसिला 15 जून 2025 से 9 जनवरी 2026 तक चला। इस दौरान बुजुर्ग ने कुल 9 लाख 50 हजार रुपये विभिन्न तारीखों पर ट्रांसफर किए।

Online Marriage Scam: मार्च 2026 में महिला का मोबाइल नंबर अचानक बंद हो गया। बार-बार संपर्क करने पर भी जवाब न मिलने पर पीड़ित को शक हुआ और पूरे मामले का खुलासा हुआ। इसके बाद उन्होंने आजाद चौक पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66D तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



































