RAIPUR NEWS. कोलकाता से पुणे जा रही इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-135 की गुरुवार को स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट, रायपुर में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। उड़ान के दौरान एक महिला यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ने और उनके बेहोश होने के कारण पायलट ने यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया।

जानकारी के अनुसार, विमान जब हवा में था, तभी महिला यात्री की हालत गंभीर हो गई। क्रू मेंबर्स ने तुरंत विमान के भीतर ही उन्हें प्राथमिक चिकित्सा (First Aid) देने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति में सुधार न होते देख पायलट ने रायपुर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क कर इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी।


दोपहर 12 बजे उतरा विमान
अनुमति मिलने के बाद दोपहर करीब 12 बजे विमान को रायपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। लैंडिंग से पहले ही एयरपोर्ट पर मेडिकल टीम को अलर्ट कर दिया गया था। जैसे ही विमान रुका, मेडिकल स्टाफ ने विमान के भीतर जाकर यात्री की जांच की और जरूरी उपचार के बाद उन्हें एम्बुलेंस से नजदीकी अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल महिला की स्थिति नियंत्रण में और खतरे से बाहर बताई जा रही है।

एक घंटे बाद गंतव्य के लिए रवाना हुई फ्लाइट
इस आपातकालीन स्थिति के दौरान एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए हलचल बढ़ गई थी, हालांकि अन्य सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित थे। जरूरी सुरक्षा प्रक्रियाओं और औपचारिकताएं पूरी करने के बाद, दोपहर करीब 1 बजे फ्लाइट ने पुणे के लिए दोबारा उड़ान भरी। एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक, पूरी लैंडिंग प्रक्रिया को सुरक्षित तरीके से संपन्न किया गया और स्थिति को जल्द ही सामान्य कर लिया गया।





































