BILASPUR NEWS. शादी के पवित्र मंडप में उस वक्त हड़कंप मच गया जब शराब के नशे में धुत दूल्हे को देख दुल्हन ने विवाह करने से साफ इनकार कर दिया। मामला केवल शादी टूटने तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि आक्रोशित लड़की पक्ष ने दूल्हे, उसके पिता और अन्य रिश्तेदारों को बंधक बना लिया और शादी में हुए खर्च के हर्जाने की मांग शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।

मिली जानकारी के अनुसार, बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कोरमी निवासी राजू मांडले (पिता रामखिलावन मांडले) की शादी कसडोल निवासी सुनीता (पिता गुहाराम लहरी) के साथ तय हुई थी। 27 अप्रैल को धूमधाम से बारात कसडोल पहुंची थी। बाराती डीजे की धुन पर नाचते हुए दुल्हन के घर पहुंचे। जैसे ही दूल्हे को ‘द्वारचार’ की रस्म के लिए गाड़ी से नीचे उतारा गया, वह शराब के नशे में इस कदर धुत था कि अपने पैरों पर खड़ा भी नहीं हो पा रहा था।

दुल्हन का साहसिक फैसला
दूल्हे की यह हालत देख दुल्हन और उसके परिवार वाले दंग रह गए। दुल्हन ने तत्काल अपनी जिंदगी का बड़ा फैसला लेते हुए स्पष्ट कह दिया कि वह ऐसे इंसान से शादी नहीं करेगी। दुल्हन के पिता और परिजनों ने भी उसके फैसले का समर्थन किया और शादी की रस्में बीच में ही रोक दी गईं।

हर्जाने के लिए बनाया बंधक, पुलिस तक पहुँचा मामला
शादी टूटने के बाद बारातियों में सन्नाटा छा गया, लेकिन विवाद तब गहरा गया जब लड़की पक्ष ने शादी के आयोजन में हुए लाखों रुपये के खर्च की भरपाई की मांग की। आरोप है कि दूल्हे, उसके पिता और 7 बारातियों को बंधक बनाकर एक कमरे में रोक लिया गया। दूल्हे के दादा मनीराम मांडले ने बताया कि पहले उनसे 20 लाख रुपये की मांग की गई, जो बातचीत के बाद 7 लाख पर आकर रुकी।
परेशान होकर दूल्हे के दादा ने बिलासपुर के सिरगिट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराई। सिरगिट्टी टीआई किशोर केंवट ने तत्काल कसडोल पुलिस से संपर्क किया।

पुलिस की कार्रवाई
कसडोल पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो उन्होंने बंधक बनाए जाने की बात से इनकार करते हुए बताया कि दोनों पक्षों के बीच सामाजिक बैठक चल रही थी। पुलिस के अनुसार, लड़की पक्ष शादी में हुए खर्च की मांग पर अड़ा हुआ है। सिरगिट्टी थाना प्रभारी ने बताया कि मामला कसडोल पुलिस के संज्ञान में है और स्थिति को सुलझाने के लिए वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल, क्षेत्र में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।





































