सूरजपुर जिले के लटोरी थाना क्षेत्र अंतर्गत बैगा पारा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक बेटे ने अपनी मां को सिर्फ इसलिए बुरी तरह पीट दिया क्योंकि वह घर के दरवाजे के सामने सो रही थी और उसकी बाइक अंदर नहीं रख पा रहा था। पिटाई के बाद गंभीर रूप से घायल मां को बेटे ने अस्पताल नहीं पहुंचाया, जिससे वह रातभर घर में ही पड़ी रही और सुबह तक उसकी मौत हो गई।
मामला लटोरी चौकी क्षेत्र का है। मृतका सोमारी बाई के बेटे सुखलाल दिनभर काम करने के बाद रात करीब 9 बजे घर लौटा। घर पहुंचते ही उसने देखा कि उसकी मां दरवाजे के सामने सोई हुई है। इससे नाराज होकर सुखलाल ने दरवाजा बंद करने वाले लकड़ी के हटके से मां पर ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। हमले में सोमारी बाई गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गईं।
आरोपी बेटे ने घायल मां को अस्पताल ले जाने या कोई इलाज कराने की कोई कोशिश नहीं की। घायल महिला पूरे रात घर में ही पड़ी रही और समय पर उपचार न मिलने के कारण उसकी मौत हो गई।
घटना का पता तब चला जब मृतका की बेटी सुखमनिया, जो मायके आई हुई थी, ने इसकी जानकारी मिलते ही लटोरी चौकी में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर आरोपी सुखलाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।





































