छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने पुलिस विभाग के एक उप निरीक्षक (SI) पर दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग के आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि आरोपी ने उसके साथ संबंध बनाकर उसका शोषण किया और आपत्तिजनक वीडियो भी तैयार किए।
महिला के अनुसार, उसकी पहचान आरोपी SI से सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी। शुरुआत में दोनों के बीच बातचीत होती रही, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। महिला का आरोप है कि इसी दौरान SI ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और उसके निजी फोटो व वीडियो रिकॉर्ड कर लिए।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि जब वह गर्भवती हो गई, तो आरोपी ने उसे धोखे से गर्भपात की दवा खिला दी। पीड़िता का कहना है कि SI ने पहले खुद को अविवाहित बताया और शादी का वादा किया, लेकिन बाद में पता चला कि वह पहले से शादीशुदा है।
महिला का यह भी आरोप है कि अब आरोपी उन वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल कर रहा है। पीड़िता ने बताया कि उसने इस संबंध में थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
अपनी शिकायत में महिला ने बताया कि वह शादीशुदा है और उसकी एक छोटी बच्ची भी है। उसके पति ने उसे छोड़ दिया है। महिला ने कहा कि आरोपी SI से उसकी मुलाकात उस समय हुई थी, जब वह दंतेवाड़ा में पदस्थ था। बाद में उसका तबादला सक्ती हो गया, जिसके बाद दोनों के बीच मुलाकातें बढ़ीं।
महिला का कहना है कि आरोपी ने उसकी बेटी को अपनाने का भरोसा दिया और लगातार संबंध बनाए। जनवरी 2024 में जब वह गर्भवती हुई, तो उसने जांच कराकर रिपोर्ट आरोपी को दी, लेकिन उसने उसे धोखे से दवा देकर गर्भपात करा दिया। इसके बाद भी आरोपी उससे संबंध बनाता रहा।
फिलहाल, महिला ने इस मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से की है। वहीं, आरोपी SI ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। मामले में जांच की मांग की जा रही है।


































