BOLLYWOOD NEWS. भारतीय संगीत की दिग्गज गायिका आशा भोसले का 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। शनिवार को तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां रविवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके बेटे आनंद भोसले ने निधन की पुष्टि करते हुए बताया कि सोमवार शाम 4 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। आशा भोसले के निधन के साथ ही भारतीय संगीत के स्वर्णिम दौर की एक और महान आवाज हमेशा के लिए खामोश हो गई। उनकी विरासत उनके गीतों के जरिए आने वाली पीढ़ियों तक जीवित रहेगी।

आशा भोसले की पोती जनाई भोसले के मुताबिक, उन्हें चेस्ट इंफेक्शन के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई और मल्टी ऑर्गन फेलियर की वजह से उनका निधन हो गया। अपनी बहुमुखी आवाज से उन्होंने हर दौर के संगीत प्रेमियों को बांधे रखा। उनके कुछ अमर गीतों में- इन आंखों की मस्ती के, दिल चीज क्या है, चुरा लिया है तुमने जो दिल को, पिया तू अब तो आजा, ये मेरा दिल जैसे गाने आज भी उतने ही लोकप्रिय हैं।

8 सितंबर 1933 को जन्मीं आशा भोसले, महान संगीतकार दीनानाथ मंगेशकर की बेटी थीं। उनकी बड़ी बहन लता मंगेशकर भी भारतीय संगीत की सबसे प्रतिष्ठित गायिकाओं में शुमार रहीं। आशा भोसले की निजी जिंदगी भी काफी चर्चा में रही। उनकी पहली शादी गणपतराव भोसले से हुई, जो ज्यादा समय तक नहीं चल सकी। बाद में उन्होंने मशहूर संगीतकार आर डी बर्मन से विवाह किया। उनके तीन बच्चे हैं और उनका परिवार आज भी संगीत से गहराई से जुड़ा हुआ है।

पुरस्कारों से सजी विरासत
2008 – पद्म विभूषण
2000 – दादासाहेब फाल्के पुरस्कार
2 बार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार (1981, 1986 – सर्वश्रेष्ठ पार्श्व गायिका)
7 बार फिल्मफेयर पुरस्कार
2001 – फिल्मफेयर लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड
2002 – IIFA Awards (फिल्म लगान के लिए)
1987 – “नाइटिंगेल ऑफ एशिया” सम्मान
2002 – BBC लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड

16 साल की उम्र में भागकर शादी की थी
16 साल की उम्र में आशा भोसले ने बड़ी बहन लता के 31 साल के सेक्रेटरी गणपतराव भोसले से भागकर शादी की थी। लता जी और उनका परिवार इस शादी के सख्त खिलाफ था। इसके कारण उन्होंने आशा से लंबे समय तक बातचीत बंद कर दी थी। शादी के बाद आशा भोसले को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा और वह घरेलू हिंसा का शिकार भी हुईं। वह जिंदगी से इतनी निराश हो गई थीं कि खुद को खत्म करना चाहती थीं। 1960 में वह पहले पति से अलग हो गईं।


































