BALOD NEWS. छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहां जवान बेटे की मौत के सदमे से एक पिता उबर नहीं पाया और उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। जिले के बालोद थाना अंतर्गत ग्राम खल्लारी में 40 वर्षीय नामदेव साहू ने शनिवार सुबह फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।

तीन महीने पहले बेटे की हुई थी मौत
जानकारी के मुताबिक, मृतक नामदेव साहू का 17 वर्षीय बेटा वेदप्रकाश करीब तीन महीने पहले मोबाइल देख रहा था, तभी अचानक उसे हार्ट अटैक आया और उसकी मौत हो गई। जवान बेटे की इस असामयिक मृत्यु ने पिता को गहरे मानसिक सदमे में डाल दिया था। परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि इस घटना के बाद से नामदेव की मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं रह रही थी।


तालाब किनारे मिला शव
शनिवार सुबह करीब 9 बजे ग्रामीणों ने पथरी तालाब के पास एक पीपल के पेड़ पर नामदेव का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ देखा। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पहुंची बालोद थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मरचुरी भेजा।

पुलिस की कार्रवाई
बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मृतक लंबे समय से बेटे के निधन के कारण मानसिक रूप से परेशान और अस्थिर था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद दोपहर में उनके गृह ग्राम खल्लारी में अंतिम संस्कार किया गया। इस घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर व्याप्त है।





































