BILASPUR NEWS. भारतीय रेलवे के बिलासपुर रेल जोन में ट्रेनों को लेकर लगातार बदलते फैसलों ने यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भीषण गर्मी को देखते हुए जिन ट्रेनों को हाल ही में बहाल किया गया था, उन्हें महज एक दिन बाद ही फिर से रद्द कर दिया गया। अचानक लिए गए इस फैसले से यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं वैकल्पिक व्यवस्था का अभाव स्थिति को और गंभीर बना रहा है।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, बिलासपुर-झारसुगुड़ा सेक्शन में अकलतरा स्टेशन को चौथी रेलवे लाइन से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। यह काम 11 अप्रैल से 18 अप्रैल तक चलेगा। इसी वजह से बिलासपुर-रायगढ़, गेवरा रोड-कोरबा और कोरबा-रायपुर रूट पर चलने वाली 10 लोकल और मेमू पैसेंजर ट्रेनों को इस अवधि के लिए रद्द किया गया है।

इस दौरान कुल 14 ट्रेनें प्रभावित रहेंगी। गोंदिया-झारसुगुड़ा-गोंदिया पैसेंजर को आंशिक रूप से चलाया जाएगा। कोरबा-रायपुर हसदेव एक्सप्रेस को कोरबा से बिलासपुर के बीच पैसेंजर ट्रेन के रूप में चलाया जाएगा। गौरतलब है कि अकलतरा में चल रहे काम को लेकर पहले रेलवे ने 3 से 10 अप्रैल तक ट्रेनों को रद्द करने का फैसला लिया था।

इसके बाद में इसे रिशेड्यूल कर यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेनों को दो दिन के लिए बहाल करने की जानकारी दी गई थी। लेकिन इसके ठीक अगले दिन फिर नया आदेश जारी कर 11 से 18 अप्रैल तक ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय ले लिया गया, जिससे यात्रियों में असमंजस की स्थिति बन गई है।

हसदेव एक्सप्रेस बदले रूप में चलेगी
ट्रेन नंबर 18250/18249 और 18252/18251 हसदेव एक्सप्रेस 11 से 18 अप्रैल तक कोरबा से बिलासपुर के बीच पैसेंजर ट्रेन के रूप में संचालित होगी। जबकि बिलासपुर से रायपुर के बीच यह पहले की तरह एक्सप्रेस सेवा देगी। लगातार बदलते फैसलों और स्पष्ट वैकल्पिक व्यवस्था के अभाव ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है। ऐसे में रेलवे से बेहतर समन्वय और पूर्व सूचना की उम्मीद की जा रही है।




































