KANKER NEWS. छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में 9 अप्रैल की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई। नेशनल हाईवे पर नाथिया नवागांव के पास दो कारों की आमने-सामने टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक कार सवार सभी यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। बता दें कि 9 अप्रैल को पेंड्रा में भी एक सड़क हादसा हुआ था, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई थी।

जानकारी के मुताबिक हादसा रात करीब 10:45 बजे हुआ, जब एक कार में सवार लोग शादी समारोह से लौटकर अपने गांव उड़कूड़ा जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी कार से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग कांकेर के पास स्थित उड़कूड़ा गांव के निवासी थे। सभी के परिजनों को पुलिस व स्थानीय लोगों ने सूचना दे दी है।

बताया गया कि मृतकों में से एक ही परिवार के 3 सदस्य शामिल हैं, जिसमें एक पुरुष, एक महिला और 7 साल का बच्चा शामिल हैं। दूसरी कार में सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि मृतकों वाली कार में सवार एक अन्य पुरुष भी घायल बताया जा रहा है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही कांकेर के पुलिस अधीक्षक निखिल राखेजा तुरंत मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। इसके बाद वे अस्पताल जाकर घायलों से भी मिले। उन्होंने बताया कि घायलों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए गए हैं। सभी जल्द ठीक हाे जाएंगे।

पुलिस के अनुसार हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को वजह माना जा रहा है। बताया गया कि सभी घायलों की हालत में सुधार हो रहा है।




































