BALRAMPUR NEWS. बलरामपुर जिले के रामानुजगंज इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां दो बाइकों के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में एक प्रधान पाठक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी बाइक में सवार तीन युवक घायल हो गए हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

मृतक की पहचान दयाशंकर सिंह मरकाम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वे अपने साथी अनिल मरकाम के साथ किसी काम से बैंक जा रहे थे और रामानुजगंज की ओर आ रहे थे। इसी दौरान संतोषी नगर पिपराही निवासी विक्रम और सूरज मंडल दूसरी बाइक पर रॉन्ग साइड से आ रहे थे।

अंधे मोड़ के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिससे दयाशंकर सिंह मरकाम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में दूसरी बाइक पर सवार तीन युवक घायल हो गए।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। रामानुजगंज पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की जांच की जा रही है।





































